साहिबगंज। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) मुख्य शाखा, चौक बाजार में शुक्रवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ शाखा प्रबंधक आलोक रंजन ने स्वयं रक्तदान कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान है। रक्त किसी फैक्ट्री में नहीं बनता, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को बढ़-चढ़कर रक्तदान कर जरूरतमंदों की जान बचाने में योगदान देना चाहिए।” उन्होंने कहा कि एसबीआई केवल वित्तीय सेवाएं ही नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए भी हमेशा तत्पर रहता है। शिविर में शाखा प्रबंधक सहित 17 बैंक कर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कार्यक्रम में उमा अमृता फाउंडेशन के संचालक प्रशांत शेखर, पवन गुप्ता, ब्लड बैंक के कर्मी एवं बैंक के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना था।




