आजसू महासचिव हरे लाल महतो ने जदयू नेता शैलेंद्र महतो को आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट के लिए कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में पोस्ट हटाने, सार्वजनिक माफी मांगने और दो करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग की गई है।
जमशेदपुर(कपाली)। आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो की ओर से अधिवक्ता के माध्यम से जमशेदपुर के सोनारी निवासी शैलेन्द्र महतो (जदयू नेता सह कुड़मी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष) को कानूनी नोटिस भेजे जाने का मामला सामने आया है।
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि 18 सितंबर 2026 को फेसबुक के माध्यम से हरे लाल महतो के संबंध में आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक टिप्पणी वाली पोस्ट प्रकाशित की गई। नोटिस में कहा गया है कि संबंधित फेसबुक पोस्ट में की गई टिप्पणी निराधार और मानहानिकारक है।
अधिवक्ता के अनुसार, उक्त पोस्ट से हरेलाल महतो की सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है तथा उनकी मानहानि हुई है। हालांकि, इन आरोपों पर शैलेन्द्र महतो का पक्ष सामने नहीं आया है।
पोस्ट हटाने व सार्वजनिक माफी की मांग
अधिवक्ता द्वारा भेजे गए कानूनी नोटिस में संबंधित फेसबुक पोस्ट को तत्काल हटाने, सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने तथा कथित मानहानि से हुए नुकसान के एवज में दो करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति देने की मांग की गई है।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित मांगों का पालन नहीं करने पर हरे लाल महतो की ओर से मानहानि के संबंध में आपराधिक कार्रवाई और दीवानी वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
नोटिस में संबंधित पक्ष को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। फिलहाल मामला कानूनी नोटिस भेजे जाने के स्तर पर है। अदालत में इस संबंध में वाद दायर किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।



