आपात स्थिति में अब पुलिस की प्रतिक्रिया होगी और तेज, जिले के सभी थानों को मिली नई गाड़ियां
साहिबगंज। आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस लाइन मैदान स्थित पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने डायल-112 सेवा के लिए उपलब्ध कराए गए 15 नए बोलेरो वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री आलमगीर आलम, राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा, उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, झामुमो केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से जिले में डायल-112 सेवा और अधिक प्रभावी होगी। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया पहले से तेज होगी, जिससे आम लोगों को समय पर सहायता मिलेगी और कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में सदर एसडीपीओ सुशील कुमार, मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव, मेजर रोहित दुबे सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।




