साहिबगंज। राज्य स्तरीय ‘नशा मुक्त युवा भारत’ रील प्रतियोगिता में साहिबगंज कॉलेज के पीजी सेमेस्टर-4 (राजनीति विज्ञान) के छात्र रितेश रंजन ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में उन्होंने नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त समाज के निर्माण पर आधारित प्रभावशाली रील प्रस्तुत की, जिसे निर्णायकों ने सर्वश्रेष्ठ चुना।
इस उपलब्धि पर उन्हें ₹10 हजार की नकद पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति-पत्र देकर राज्य निदेशक द्वारा सम्मानित किया गया। साहिबगंज कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने रितेश को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश देना समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने इसे महाविद्यालय के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि रितेश की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करेगी। महाविद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी रितेश रंजन की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।




