साहिबगंज। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद, प्रखंडवार पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति और खर्च की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
योजनाओं की गुणवत्ता पर डीसी का विशेष जोर
उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं की राशि का समयबद्ध एवं उचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए और कार्यों की नियमित निगरानी हो।
SLWM को प्राथमिकता, पोर्टल पर समय से अपलोड होंगी जानकारियां
आगामी GPDP के तहत चयनित योजनाओं में गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने पर विशेष जोर देते हुए उपायुक्त ने SLWM (ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन) को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। योजनाओं से संबंधित आवश्यक प्रविष्टियां एवं प्रगति रिपोर्ट समय पर पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में योजनाएं पूरी कराने और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनिल कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक, कनीय अभियंता समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।




