उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र में चोर गिरोह सक्रिय नजर आ रहा है। पिछले कुछ दिनों में बंद घरों और दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसी कड़ी में अज्ञात चोरों ने श्रीधर पंचायत के मन्नान टोला स्थित एक किराना दुकान का ताला तोड़कर नगदी समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार मन्नान टोला स्थित हन्नान शेख की किराना दुकान है। वह रोजाना की तरह देर शाम दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। इसी दौरान रात में अज्ञात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। सुबह जब हन्नान शेख दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर बक्से में रखी नगदी और अन्य कीमती सामान गायब मिले। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित के द्वारा घटना की लिखित सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई थी।



