साहिबगंज। पर्यावरण संरक्षण एवं साहिबगंज को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से गंगा मिशन कोलकाता की ओर से मंगलवार को पोखरिया स्थित मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कन्या विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण सह पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। इस दौरान करीब 150 छात्राओं के बीच आम, कटहल, नारियल और आंवला सहित विभिन्न फलदार पौधों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में भी कई फलदार पौधे लगाए गए। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सीमा कुमारी के साथ शिक्षक मनोहर शर्मा, चंपक दत्ता, आनंद मोदी और प्रमोद पांडेय ने पौधारोपण किया। इस अवसर पर कवि कविव एवं सुधीर श्रीवास्तव तथा सेवानिवृत्त शिक्षिका रानी झा ने पर्यावरण संरक्षण पर कविता पाठ कर विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति जागरूक किया।
साहिबगंज को हरा-भरा बनाने को लगातार प्रयास :

गंगा मिशन कोलकाता की ओर से साहिबगंज में लगातार पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। साहिबगंज में इस अभियान की जिम्मेदारी समाजसेवी सुरेश निर्मल की देखरेख में संचालित की जा रही है। अभियान के तहत लोगों और विद्यार्थियों को पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल एवं संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में पत्रकार चंदन सिंह, प्रमोद निरंजन, अरविंद यादव, बच्चन पाठक, राजेंद्र पाठक, अमित सिंह, प्रशांत कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने कहा कि पौधारोपण केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष का रूप देना भी सभी की जिम्मेदारी है।



