पेयजल और सड़क सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा, विभिन्न वार्डों में होंगे विकास कार्य
राजमहल। संवाददाता। राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से लगभग 1.20 करोड़ रुपये की लागत से सात विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, उपाध्यक्ष मो. मारूफ, सांसद प्रतिनिधि संजीव सामू हेंब्रम, संबंधित वार्ड पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन, नगर प्रबंधक, कनीय अभियंता एवं नगर पंचायत के अन्य अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे।
चार वार्डों में जलापूर्ति योजनाओं का होगा काम:
शिलान्यास के तहत वार्ड संख्या 11, 12, 13 एवं 14 में जलापूर्ति योजनाएं शामिल हैं। योजनाओं के पूरा होने के बाद संबंधित वार्डों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर जल सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
सड़क निर्माण से सुगम होगा आवागमन:
इसके अलावा वार्ड संख्या 03 एवं 06 में कालीकृत सड़क तथा वार्ड संख्या 12 में पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण का भी शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़क व्यवस्था बेहतर होगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों ने योजनाओं को समय पर पूरा करने और निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। कार्यपालक पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नगर पंचायत प्रशासन ने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की जरूरत के अनुसार विकास योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
अब पढ़िए अगली खबर: Sahibganj: अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक में 39 योजनाओं पर बनी सहमति




