साहिबगंज। रांची के खेलगांव, होटवार में 7 और 8 अक्टूबर को आयोजित राज्य स्तरीय खेलो झारखंड अंडर-17 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता में साहिबगंज जिले की टीम उपविजेता बनी। टीम के खिलाड़ी सुमित बास्की को बेस्ट प्लेयर का खिताब मिला।
जिला शिक्षा परियोजना, साहिबगंज के नेतृत्व में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पलामू को 2-1, रांची को 1-0, बोकारो को 4-3 और गिरिडीह को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। हालांकि, फाइनल में पाकुड़ से 2-0 से हार का सामना करना पड़ा।
टीम में मंगल हेंब्रम, राहुल मुर्मू, टोनल सोरेन, राएस अंसारी, मरकुस सोरेन, निमाई मुर्मू, सुमित बास्की सहित 15 खिलाड़ी शामिल थे। शारीरिक शिक्षक नीतीश कुमार दास और सुजीत मल्लिक का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे समेत अन्य अधिकारियों और जिले के खेलप्रेमियों ने टीम को बधाई दी। इससे पहले राज्य स्तरीय अंडर-17 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी साहिबगंज की टीम उपविजेता रही थी।



