आठ किलोमीटर की यात्रा में शामिल हुईं 2100 से ज्यादा कन्याएं और महिलाएं, सप्तमी को खुलेगा मां दुर्गा का पट
साहिबगंज। शारदीय नवरात्र के अवसर पर साहिबगंज सदर प्रखंड के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में तीन अलग-अलग स्थानों से भव्य कलश शोभायात्राएं निकाली गईं। इसी क्रम में महादेवगंज गोढ़ी टोला स्थित दुर्गा मंदिर परिसर से कन्याओं और महिलाओं ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ कलश शोभायात्रा निकाली। यात्रा से पहले समिति के सदस्यों, महिलाओं और कन्याओं को वाहनों व ट्रैक्टर के माध्यम से मुक्तेश्वर धाम गंगा घाट ले जाया गया। वहां पुरोहितों ने विधि-विधान से गंगा पूजन कराया, जिसके बाद गंगाजल भरकर सभी श्रद्धालु कतारबद्ध होकर कलश लेकर रवाना हुए। घुड़सवारों और गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा मुक्तेश्वर धाम से बरतल्ला, कुलीपाड़ा, स्टेशन चौक, गांधी चौक और तालबन्ना होते हुए महादेवगंज मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न होगी। करीब आठ किलोमीटर की इस यात्रा के दौरान समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पानी और शरबत की व्यवस्था की गई।
भव्य मेले का होता है आयोजन:

दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष मनोज यादव ने बताया कि सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से हर वर्ष भव्य कलश यात्रा निकाली जाती है। मंदिर परिसर में कलश स्थापना के बाद नवरात्र की पूजा-अर्चना की जाती है। उन्होंने बताया कि महादेवगंज में भव्य मेले का भी आयोजन होता है। इसमें पहाड़ों पर बसे आदिवासी और पहाड़िया समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचते हैं। मेले में खाने-पीने और विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाते हैं। सप्तमी के दिन मां दुर्गा का पट खुलेगा, जिसके बाद श्रद्धालु माता के दर्शन कर सकेंगे। कलश यात्रा की सुरक्षा के दृष्टि से पुलिस प्रशासन ये पदाधिकारी और पुलिसबल सहित कमेटी के सैकड़ों सदस्य भी मौजूद रहे।



