CM हेमंत सोरेन ने विधानसभा में केंद्र सरकार और BJP पर तीखा हमला बोला. SIR और MMDR संशोधन एक्ट पर सवाल उठाते हुए विपक्ष के वॉकआउट के बीच प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित हुआ.
रांची: झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में सरकार की ओर से जवाब देते हुए केंद्र सरकार और बीजेपी पर जमकर हमला बोला. मुख्यमंत्री ने SIR MMDR संशोधन एक्ट को लेकर केंद्र की नीतियों पर सवाल उठाए. मुख्यमंत्री के संबोधन के बीच विपक्ष सदन से वॉकआउट कर गया. विपक्ष की गैरमौजूदगी में MMDR संशोधन एक्ट पर पुनर्विचार करने का प्रस्ताव सदन में ध्वनि मत से पारित किया गया. इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई.
‘हम भारत के लोग’ के मायने व्यापक हैं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश ने संविधान को अंगीकार किया था. आज ही के दिन संविधान को स्वीकार किया गया था. ‘हम भारत के लोग’ सुनने में साधारण शब्द हैं, लेकिन इसके मायने व्यापक हैं. संविधान ने देश के हर नागरिक को अधिकार दिए हैं. नागरिकों की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करना संवैधानिक व्यवस्था का मूल है.
उन्होंने कहा कि उम्मीद थी कि आज विपक्ष राज्य के प्रति सहयोग का भाव दिखाएगा, लेकिन विपक्ष सदन से बाहर चला गया. मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार केंद्रीकृत व्यवस्था की ओर बढ़ रही है. उसे सही-गलत और अच्छे-बुरे से कोई लेना-देना नहीं है. संवेदनशील विषयों पर भी विपक्ष का रवैया चिंताजनक है.
SIR के तरीके पर सवाल, वैध मतदाताओं के नाम काटने का आरोप
SIR पर मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड आदिवासी बहुल राज्य है और यहां की सामाजिक संरचना दूसरे राज्यों से अलग है. 1949 में शिक्षा का स्तर आज की तुलना में काफी अलग था. उस दौर में बहुत कम लोग शिक्षित थे, लेकिन संविधान ने निरक्षर लोगों को भी मतदान का अधिकार दिया.
उन्होंने कहा कि संविधान ने एक ठेला चलाने वाले व्यक्ति और पूंजीपति के वोट का मूल्य समान रखा. सरकार SIR का विरोध नहीं कर रही है, लेकिन इसके काम करने के तरीके पर सवाल उठा रही है. झारखंड में ऐसे गांव हैं, जहां के लोगों ने जिला कार्यालय तक नहीं देखा है. ऐसे इलाकों की परिस्थितियों को ध्यान में रखना जरूरी है.
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सत्ता पक्ष ने दस्तावेजों के साथ अपनी बात रखी है और उनके पास भी ऐसे दस्तावेज हैं, जिनसे पता चलता है कि वास्तविक और वैध मतदाताओं के नाम काटे गए हैं. उन्होंने कहा कि SIR में बड़ी चतुराई से काम किया गया है और धीरे-धीरे सारी गड़बड़ियां सामने आएंगी.
‘अनुदान हमारा अधिकार है, भीख नहीं’
MMDR संशोधन एक्ट पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को इस कानून से पैसा कमाना नहीं है और न ही सेस के माध्यम से कोषागार भरना है. यह क्षतिपूर्ति का पैसा है और क्षतिपूर्ति राज्य का अधिकार है.
उन्होंने कहा कि विपक्ष ने अनुदान को लेकर सवाल उठाए, लेकिन अनुदान हमारा अधिकार है, भीख नहीं. संविधान पीठ के आदेश के बाद क्षतिपूर्ति की मांग की गई. जब राज्य ने कानूनी रूप से अपना अधिकार हासिल करने की कोशिश की, तो केंद्र सरकार कानून में संशोधन लेकर आ गई और राज्य के हाथ बांधने की कोशिश की गई.
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार यह साबित करने में विफल रही कि झारखंड की मांग जायज नहीं है. उन्होंने MMDR संशोधन को देशहित के बजाय व्यापारियों के हित में बताया. साथ ही कहा कि झारखंड देश से बाहर नहीं है और राज्य देश के विकास में रोड़ा नहीं बनना चाहता है.
केंद्र सरकार को मजबूर सरकार बताया
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों को लेकर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश की केंद्र सरकार मजबूत सरकार नहीं, बल्कि मजबूर सरकार है. सदन को इंसानियत का मंदिर बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां न भगवान है, न ईश्वर और न अल्लाह, यहां इंसानियत है. लेकिन बीजेपी सामाजिक सौहार्द नहीं चाहती और फूट डालो, शासन करो की नीति अपनाती है.
उन्होंने शिक्षा के मुद्दे पर भी चिंता जताई और कहा कि दुनिया के शीर्ष 50 विश्वविद्यालयों में भारत का एक भी संस्थान शामिल नहीं है. शिक्षा को बेहतर बनाने की चिंता होनी चाहिए, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित गंभीरता दिखाई नहीं दे रही है.
अरावली और झारखंड के खनिजों पर भी उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने अरावली पहाड़ियों में खनन की अनुमति को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि हम प्रकृति और पर्यावरण से जुड़ी चीजों को छेड़ रहे हैं. झारखंड के खनिज संसाधनों पर भी लोगों की गिद्ध नजर है. राज्य अपने संवैधानिक अधिकारों के तहत संसाधनों और हितों की रक्षा करना चाहता है.
उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर भी सवाल उठाया और कहा कि जब चुनाव आयोग पर सवाल उठते हैं, तो कोई जवाब देने को तैयार नहीं होता.
विपक्ष की गैरमौजूदगी में प्रस्ताव पारित, सदन स्थगित
मुख्यमंत्री के जवाब के बाद MMDR संशोधन एक्ट पर पुनर्विचार करने का प्रस्ताव सदन में ध्वनि मत से पारित किया गया. यह प्रस्ताव विपक्ष की गैरमौजूदगी में पारित हुआ. इसके साथ ही दो दिवसीय विशेष सत्र की कार्यवाही पूरी हो गई और विधानसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया.



