राजकीय मध्य विद्यालय कटहलबाड़ी में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव पर उठे सवाल, पुनः चुनाव कराने की मांग
उधवा। प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय कटहलबाड़ी में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर ग्रामीणों ने अनियमितता का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं पारदर्शी तरीके से नहीं कराई गई, जिसके कारण चुनाव की निष्पक्षता और वैधता पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस संबंध में ग्रामीणों की ओर से उपायुक्त को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा अनियमितता सही पाए जाने पर वर्तमान चुनाव को निरस्त कर पुनः चुनाव कराने की मांग की गई है। आवेदन की प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को भी भेजी गई है।
पूर्व सूचना नहीं देने का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के माता-पिता एवं अभिभावकों को एसएमसी चुनाव की पर्याप्त पूर्व सूचना नहीं दी गई। उनका आरोप है कि कई पात्र अभिभावकों को चुनाव की जानकारी नहीं मिल सकी, जिसके कारण वे चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने से वंचित रह गए। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि स्थानीय पंचायत के संबंधित वार्ड सदस्य अथवा स्थानीय निकाय के प्रतिनिधि को चुनाव प्रक्रिया में उचित रूप से शामिल नहीं किया गया। इसके अलावा पात्र अभिभावकों को मतदान एवं चुनाव में भाग लेने का अवसर नहीं दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि चुनाव के दौरान विद्यालय के रिकॉर्ड में भी गड़बड़ी किए जाने की आशंका जताते हुए इसकी जांच की मांग की है। चुनाव के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक की मौजूदगी में कथित तौर पर दबाव बनाकर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चयन कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सभी पात्र अभिभावकों को स्वतंत्र रूप से अपनी बात रखने और मतदान करने का अवसर नहीं मिला है तो ऐसी स्थिति में चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।ग्रामीणों ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, चुनाव से संबंधित दस्तावेज एवं कार्यवाही की जांच करने तथा दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारियों या कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।




