बरहरवा/साहिबगंज। बरहरवा, कोटालपोखर और गुमानी के स्थानीय बाजारों में डीएपी एवं यूरिया सरकारी निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेचे जाने का मामला सामने आया है। किसानों की शिकायत पर पाकुड़ विधायक निसात आलम ने झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की।
विधायक के अनुसार सरकारी दर पर डीएपी की कीमत 1,350 रुपये प्रति बोरा और यूरिया की कीमत 266.50 रुपये प्रति बोरा निर्धारित है, जबकि स्थानीय बाजारों में डीएपी करीब 1,850 रुपये और यूरिया 350 रुपये प्रति बोरा की दर से बेचे जाने की शिकायत मिल रही है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विधायक ने विभागीय अधिकारियों से भी मामले को लेकर वार्ता की। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय कमेटी से जांच कराने और कथित सिंडिकेट में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्या का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया।




