JMM ने विधायक भूषण बाड़ा मामले में निष्पक्ष और गंभीर जांच की मांग की है. पार्टी ने कहा कि सच्चाई सामने आने तक किसी को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए और साजिश की आशंका की भी जांच हो.
रांची: सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे आरोपों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने मंगलवार को अपना पक्ष रखा. पार्टी ने मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच कराने की मांग की है. साथ ही कहा है कि जांच पूरी होने और सच्चाई सामने आने से पहले किसी को अपराधी घोषित करना उचित नहीं है. पार्टी ने इस पूरे मामले में साजिश की आशंका जताते हुए इसकी भी जांच कराने की जरूरत बताई है.
मामले को राजनीतिक रूप देने का प्रयास
हरमू स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेएमएम नेता और विधायक विकास मुंडा ने कहा कि पार्टी का स्पष्ट रुख है कि मामले की जांच निष्पक्ष और सख्ती से होनी चाहिए. जो भी दोषी पाया जाये, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो. उन्होंने कहा कि जिस तरह से मामले को राजनीतिक स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है, वह उचित नहीं है. भाजपा और कांग्रेस दोनों को जांच पूरी होने तक इंतजार करना चाहिए. किसी पर आरोप लगने मात्र से उसे अपराधी घोषित नहीं किया जा सकता.
पॉक्सो एक्ट के तहत हो रही कार्रवाई
मुंडा ने कहा कि मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई है. पुलिस ने अब तक कानूनी प्रक्रिया का पालन किया है. पीड़िता का बयान सीडब्ल्यूसी और मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराने की प्रक्रिया भी पूरी की गई है. उन्होंने कहा कि पॉक्सो एक्ट के मामलों में कई प्रक्रियाएं गोपनीय होती हैं. ऐसे में सभी तथ्यों को सार्वजनिक करना संभव नहीं है. कुछ फैसलों को अदालत पर छोड़ देना चाहिए. विधायक की गिरफ्तारी की भाजपा की मांग पर उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के मामले में कानूनी प्रक्रिया और अदालत के निर्णय का इंतजार करना चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी को भी अपने स्तर से फैसला सुनाने का अधिकार नहीं है.
पत्रकार के कार्यालय में पुलिस कार्रवाई पर जवाब
पत्रकार अभिषेक भारती के कार्यालय पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर विकास मुंडा ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी मामले में शिकायतकर्ता है, तो पुलिस उससे पूछताछ और जानकारी हासिल कर सकती है. इसमें सहयोग करना चाहिए. उन्होंने कहा कि पत्रकार हों या विधायक, किसी के खिलाफ बिना जांच के आरोप तय करना उचित नहीं है. पुलिस की जांच में सहयोग से ही वास्तविकता सामने आएगी.
विधायक के चरित्र हनन का लगाया आरोप
विकास मुंडा ने भाजपा पर मामले में राजनीतिक नैरेटिव बनाने और विधायक के चरित्र हनन का प्रयास करने का आरोप लगाया. कहा कि आरोप लगाने वालों को जांच की प्रक्रिया पूरी होने देनी चाहिए. साक्ष्यों के आधार पर ही किसी के बारे में निष्कर्ष निकालना उचित होगा.
पद के आधार पर किसी को संरक्षण नहीं
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुदीप गुड़िया विधायक ने भी कहा कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला बेहद गंभीर है. इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई हो. उन्होंने कहा कि यदि मामले में किसी तरह की साजिश है, तो उसका भी खुलासा होना चाहिए. साजिश के पीछे शामिल लोगों के चेहरे सामने आने चाहिए. किसी व्यक्ति का पद चाहे जो हो, उसे बचाया नहीं जाना चाहिए. सबसे जरूरी है कि पीड़िता को न्याय मिले और दोषियों पर कार्रवाई हो.



