त्योहारों से पहले खाद्य विभाग ने बोरियो बाजार में मिठाई दुकानों पर छापा मारा.6 किलो बालूशाही और एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक जब्त की गई.मिलावट रोकने के लिए जांच जारी.
साहिबगंज.दीपावली और छठ पूजा से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने बोरियो बाजार में मिठाई एवं नाश्ते की दुकानों पर विशेष जांच अभियान चलाया. इस दौरान टीम ने 6 किलो बालूशाही और एक्सपायरी 10 बोतल कोल्ड ड्रिंक जब्त की. वहीं, खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कमी मिलने पर चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया. उपायुक्त, साहिबगंज के निर्देश पर यह अभियान आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया गया.
10 दुकानों में जांच, बालूशाही और कोल्ड ड्रिंक जब्त
अभियान के तहत बोरियो बाजार स्थित कुल 10 मिठाई एवं नाश्ता दुकानों का निरीक्षण किया गया. इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और एक्सपायरी तिथि की जांच की गयी. जांच के क्रम में विभागीय टीम ने 6 किलोग्राम बालूशाही और 10 बोतल एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक जब्त की.
चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस
खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कमी पाये जाने पर चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया. विभागीय टीम ने सभी दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया. साथ ही मिलावटी, दूषित अथवा एक्सपायरी खाद्य सामग्री नहीं बेचने की सख्त हिदायत दी.
मिठाइयों को ढककर रखने का निर्देश
खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानदारों को मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थ ढककर रखने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया. विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और अनियमितता रोकने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील
विभाग ने आम नागरिकों से त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखने की अपील की है. किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता की जानकारी मिलने पर विभाग को सूचना देने का आग्रह किया गया है.



