साहिबगंज में सामान के पैसे मांगने पर भड़के हमलावरों ने मां-बेटे पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. जानिए क्या है पूरा मामला.
साहिबगंज.साहिबगंज नगर थाना क्षेत्र के तलबन्ना में किराना दुकान से सामान लेने को लेकर हुए विवाद में मां और बेटे पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. घायलों की पहचान सच्चिदानंद चौरसिया की 52 वर्षीय पत्नी किरण देवी और 23 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार चौरसिया के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्सक डॉ कुमार अंकित ने उनका इलाज किया.
दुकान से सामान लेने और पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद
गंभीर रूप से घायल किरण देवी ने बताया कि लाल बन्ना दुर्गा मंदिर के पास उनकी किराना दुकान है. उनके देवर मनोहर लाल चौरसिया दुकान का संचालन कर रहे थे. इसी दौरान पास में रहने वाले भोला यादव के पुत्र चपरा यादव दुकान पर पहुंचे और जबरदस्ती सामान लेने लगे. पैसे नहीं देने की बात कहने लगे. पैसे मांगने पर पहले उनके देवर के साथ मारपीट की गयी.
8 से 10 लोगों को बुलाने का लगाया आरोप
किरण देवी के अनुसार, इसके बाद शोभापुर भट्टा से 8 से 10 लोगों को बुलाया गया और उनके देवर के साथ लोहे की रॉड से मारपीट की जाने लगी. झगड़े की आवाज सुनकर वह अपने बेटे शिवम के साथ मौके पर पहुंचीं. आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने चाकू निकालकर मां-बेटे पर लगातार वार कर दिया. शिवम के गले में चाकू लगा, जबकि किरण देवी के सिर पर वार किया गया. महिला ने आरोप लगाया कि शोभापुर भट्टा से आये कुछ लोगों के हाथ में बंदूक भी थी. जान बचाने के लिए मां-बेटे किसी तरह घर के अंदर चले गये.
चिकित्सक ने बताये गंभीर चोट के निशान
सदर अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ कुमार अंकित ने बताया कि शिवम चौरसिया के गले और कान के ऊपर चाकू से वार के गंभीर निशान हैं. वहीं, उनकी मां किरण देवी के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं. दूसरी ओर, गंभीर रूप से घायल किरण देवी ने थाने में आवेदन देने की बात कही है.



