झारखंड में रूबेला का एक भी पॉजिटिव केस नहीं. रिम्स में 875 संदिग्ध सैंपल की जांच में 21 एलिजा पॉजिटिव पाए गए, पर PCR टेस्ट निगेटिव आने से संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई.
Jharkhand Rubella: झारखंड में फिलहाल रूबेला का कोई भी पॉजिटिव केस नहीं मिला है. रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ मनोज कुमार ने बताया कि जब तक पीसीआर टेस्ट पॉजिटिव नहीं आता है, तब तक रूबेला संक्रमण की पुष्टि नहीं मानी जा सकती है.
एलिजा टेस्ट पॉजिटिव आने से संक्रमण की पुष्टि नहीं
डॉ मनोज कुमार के अनुसार, कई बार मीजल्स या मीजल्स-रूबेला का टीका लेने के बाद शरीर में एंटीबॉडी बन जाती है. इसके कारण एलिजा टेस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव आ सकती है. हालांकि, जब ऐसे सैंपल की पीसीआर जांच कराई जाती है, तो रिपोर्ट निगेटिव आती है. ऐसे मामलों में रूबेला संक्रमण की पुष्टि नहीं मानी जाती है.रिम्स में राज्यभर से आते हैं संदिग्ध सैंपल
रिम्स की माइक्रोबायोलॉजी लैब में राज्यभर से रूबेला संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए आते हैं. डॉ मनोज कुमार ने बताया कि इस वर्ष अब तक लैब में 875 सैंपल की जांच की गई है. इनमें 21 सैंपल एलिजा टेस्ट में रूबेला पॉजिटिव आए हैं.
21 एलिजा पॉजिटिव सैंपल की पीसीआर रिपोर्ट निगेटिव
डॉ मनोज कुमार ने बताया कि एलिजा टेस्ट में पॉजिटिव आए 21 सैंपल की पीसीआर जांच करायी गई, लेकिन इनमें से एक भी सैंपल की पीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई. ऐसे में इन मामलों को रूबेला संक्रमण की पुष्टि नहीं माना जा सकता है. फिलहाल राज्य में रूबेला का कोई भी पॉजिटिव केस सामने नहीं आया है.



