Muzaffarpur Howrah Train Status: डीकेजीएस-आरडीयूएम रेलखंड पर गैर-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 29 सितंबर को मुजफ्फरपुर रेलखंड से गुजरने वाली कई ट्रेनें रद रहेंगी या उनके मार्ग बदले जाएंगे। इससे मुजफ्फरपुर-हावड़ा एक्सप्रेस, भागलपुर इंटरसिटी सहित कई प्रमुख ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होगा।
मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Train Cancellation News: डीकेजीएस-आरडीयूएम रेलखंड पर गैर-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के कारण मुजफ्फरपुर रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
इस निर्माण कार्य की वजह से 29 सितंबर को मुजफ्फरपुर से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। रेलवे द्वारा जारी नई योजना के तहत कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में बदलाव और आंशिक समापन का निर्णय लिया गया है।
कई प्रमुख ट्रेनें रद
जारी समय-सारणी के अनुसार 29 सितंबर को गाड़ी संख्या 15272 मुजफ्फरपुर-हावड़ा एक्सप्रेस का परिचालन पूरी तरह से रद रहने वाला है।
इसके अलावा 28 सितंबर को मुजफ्फरपुर-भागलपुर और 29 सितंबर को भागलपुर-मुजफ्फरपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन भी पूरी तरह ठप रहेगा। जयनगर और पटना के बीच चलने वाली एक्सप्रेस गाड़ियां 15527 एवं 15528 भी 29 सितंबर को पटरी पर नहीं दौड़ेंगी।
बीच रास्ते से संचालन
पाटलिपुत्र और बगहा के बीच चलने वाली गाड़ियां 15201 और 15202 भी एनआई कार्य के कारण प्रभावित होने जा रही हैं। 29 सितंबर को पाटलिपुत्र-बगहा एक्सप्रेस का संचालन पाटलिपुत्र के स्थान पर हाजीपुर स्टेशन से ही शुरू किया जाएगा।
वापसी में बगहा-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस का सफर केवल हाजीपुर तक ही सीमित रखकर खत्म कर दिया जाएगा।
मार्ग परिवर्तन से परेशानी
पूर्णिया कोर्ट और लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 15510 को 29 सितंबर को सीतामढ़ी स्टेशन से चलाया जाएगा। इसी तरह लोकमान्य तिलक टर्मिनस से आने वाली ट्रेन 15509 पूर्णिया कोर्ट न जाकर केवल सीतामढ़ी स्टेशन तक ही अपनी यात्रा पूरी करेगी।
त्योहारों के मौसम में यात्रा की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए अचानक हुए इस बदलाव से मुश्किलें बढ़ गई हैं।



