फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप, पीड़िता के आवेदन पर राधानगर थाना में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र के एक गांव में दसवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ कथित रूप से छेड़खानी, दुष्कर्म और धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर राधानगर थाना में कांड संख्या 381/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना में दिए गए आवेदन में पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वे दसवीं कक्षा की छात्रा है। उसने गांव के ही एक युवक पर पिछले करीब दो वर्षों से पीछा कर परेशान करने और मोबाइल से तस्वीरें खींचने का आरोप लगाया है। छात्रा का कहना है कि आरोपी अपनी बात नहीं मानने पर उसकी तस्वीरें फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल करने की धमकी देता था। इसी भय का फायदा उठाकर आरोपी द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने घर के पीछे उसे पकड़कर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाया था। घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने तथा अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी भी दी जाती थी। इसी डर से वह काफी समय तक चुप रही। बाद में उसने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।वही 26 अक्टूबर की रात करीब एक बजे आरोपी कथित रूप से चाकू लेकर पीड़िता के घर में घुस आया और उसके साथ छेड़खानी करने लगा। विरोध करने अथवा शोर मचाने पर छात्रा और उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी गई। उस समय घर में मां-बेटी के अलावा कोई अन्य पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। हालांकि, मां-बेटी के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए राधानगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।



