PM-KISAN की 24वीं किस्त जारी हो चुकी है. जानें ₹2000 की राशि आपके खाते में आई या नहीं. लाभार्थी स्टेटस और बैंक जानकारी आसानी से ऐसे चेक करें.
PM-KISAN 24वीं किस्त: झारखंड के किसानों के लिए बड़ी खबर है. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना यानी PM-KISAN की 24वीं किस्त जारी कर दी गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा से किस्त जारी की. देशभर में 9.34 करोड़ से अधिक पात्र किसान परिवारों के खातों में ₹18,690 करोड़ से ज्यादा की राशि DBT के जरिए ट्रांसफर की गई.
झारखंड में करीब 19 लाख किसानों को 24वीं किस्त का लाभ मिला है. राज्य के किसानों के खातों में करीब ₹300 करोड़ ट्रांसफर किए गए हैं. इस मौके पर रांची स्थित ICAR-NISA में आयोजित कार्यक्रम से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर भी वर्चुअली जुड़े. उन्होंने किसानों से राशि का उपयोग खेती से जुड़े जरूरी कामों में करने और प्राकृतिक खेती के साथ बेहतर बीज अपनाने की अपील की.
PM-KISAN में किसानों को कितने रुपये मिलते हैं?
PM-KISAN के तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना ₹6,000 की आय सहायता दी जाती है. यह राशि तीन बराबर किस्तों में ₹2,000-₹2,000 करके सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है. 24वीं किस्त के तहत भी पात्र लाभार्थियों को ₹2,000 की राशि मिली है.
खाते में ₹2,000 आया या नहीं, ऐसे चेक करें
अगर आप PM-KISAN के लाभार्थी हैं तो घर बैठे किस्त का स्टेटस चेक कर सकते हैं. इसके लिए PM-KISAN की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर Know Your Status (KYS) विकल्प का इस्तेमाल करें. यहां लाभार्थी भुगतान और योजना से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं.
अगर 24वीं किस्त की राशि अभी खाते में नहीं दिख रही है तो इन चीजों की जांच करें:
- PM-KISAN में आपका लाभार्थी स्टेटस क्या है.
- बैंक खाते की जानकारी सही है या नहीं.
- बैंक खाता आधार से जुड़ा है या नहीं.
- आपकी e-KYC पूरी है या नहीं.
- PM-KISAN पोर्टल पर जमीन से जुड़े रिकॉर्ड का सत्यापन हुआ है या नहीं.
सरकार के अनुसार PM-KISAN में भुगतान DBT के जरिए किया जाता है. योजना के तहत e-KYC OTP, बायोमेट्रिक और फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से पूरी की जा सकती है.
24वीं किस्त के बाद कितना पैसा बांटा जा चुका है?
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 24वीं किस्त जारी होने के बाद PM-KISAN के तहत अब तक ₹4.64 लाख करोड़ से ज्यादा की राशि पात्र किसान परिवारों को वितरित की जा चुकी है. केंद्र सरकार ने PM-KISAN को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने को भी मंजूरी दी है. इसके लिए पांच साल की अवधि में ₹3.15 लाख करोड़ के वित्तीय परिव्यय को मंजूरी दी गई है.
रबी की तैयारी में किसानों के लिए मददगार होगी राशि
झारखंड में खरीफ के बाद अब किसान रबी फसलों की तैयारी में जुट रहे हैं. ऐसे में PM-KISAN की ₹2,000 की किस्त किसानों को बीज, खाद, सिंचाई और खेती से जुड़े अन्य जरूरी खर्चों में मदद दे सकती है. हालांकि राशि का इस्तेमाल किसान अपनी जरूरत के अनुसार कर सकते हैं.



