भाजपा 2 नवंबर से झारखंड में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत प्रदेशव्यापी पदयात्रा शुरू कर रही है. जानें कब और कहाँ होगी शुरुआत.
रांची. झारखंड में भाजपा 2 नवंबर से ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत प्रदेशव्यापी पदयात्रा शुरू करने जा रही है. पहले चरण में राज्य के छह जिलों में पदयात्रा आयोजित की जाएगी. इसकी शुरुआत 2 नवंबर को रांची से होगी. इसके बाद 3 नवंबर को गिरिडीह और हजारीबाग, 4 नवंबर को पलामू तथा 5 नवंबर को जमशेदपुर और दुमका में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. छठ महापर्व के बाद अभियान के दूसरे चरण में शेष जिलों में पदयात्रा निकाली जाएगी.
प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर अभियान की तैयारी
भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देशानुसार इस अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा. प्रत्येक जिले में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे. कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए जिलावार प्रभारियों की नियुक्ति भी कर दी गई है.
किस जिले में कौन संभालेगा पदयात्रा की कमान?
भाजपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अलग-अलग जिलों में पदयात्रा की जिम्मेदारी पार्टी नेताओं को सौंपी गई है.
- 2 नवंबर, रांची: प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह
- 3 नवंबर, गिरिडीह: प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी
- 3 नवंबर, हजारीबाग: पूर्व विधायक बिरंची नारायण
- 4 नवंबर, पलामू: प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा
- 5 नवंबर, जमशेदपुर: विधायक राज सिन्हा
- 5 नवंबर, दुमका: प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा
चुनाव आयोग पर सवाल उठाने को भाजपा ने बताया कांग्रेस की हताशा
मनोज सिंह ने कहा कि कांग्रेस चुनावी हार के बाद चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना कांग्रेस की हताशा और निराशा को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि भाजपा इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस की कथित दोहरी राजनीति को जनता के सामने उजागर करेगी. देश की जनता अराजकता नहीं, बल्कि स्थिरता, सुशासन और विकास चाहती है.
SIR और मतदाता सूची को लेकर भी चलेगा जागरूकता अभियान
भाजपा नेता ने बताया कि पदयात्रा के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के माध्यम से मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने की प्रक्रिया के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मृत, स्थानांतरित, दोहरे और अपात्र मतदाताओं के नामों की जांच कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए जरूरी है.
आपातकाल का जिक्र कर कांग्रेस पर साधा निशाना
मनोज सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की बात कर रही है, लेकिन देश आपातकाल के दौर को नहीं भूला है. उस समय तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलने का काम किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति में लोकतांत्रिक संस्थाओं से ऊपर परिवार को प्राथमिकता दी जाती रही है.
केंद्र सरकार की उपलब्धियां भी जनता तक पहुंचाएगी भाजपा
मनोज सिंह ने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों, सुशासन और विकास कार्यों को भी जनता तक पहुंचाया जाएगा. उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. यह अभियान जनता के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और कांग्रेस की राजनीति का जवाब देने का माध्यम बनेगा.



