साहिबगंज। पतना अंचल के मोहब्बतपुर गांव में जाति प्रमाण पत्र के आवेदन में कथित गलत वंशावली दर्शाने के मामले में प्रशासनिक जांच हुई। मामला आवेदिका अमीना बीबी, पिता चुकुआ शेख के जाति प्रमाण पत्र से जुड़ा है। इस संबंध में अंचल अधिकारी ने 24 अक्टूबर 2026 को ग्राम प्रधान अब्दुल सलाम मोल्ला को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा था। नोटिस में आरोप लगाया गया था कि संबंधित मौजा के खतियानी रैयत नहीं होने के बावजूद गलत वंशावली दर्शाकर आवेदन अग्रसारित किया गया। अंचल अधिकारी ने अब बताया कि जांच में संबंधित दस्तावेजों की पुष्टि कर ली गई है और उनमें कोई त्रुटि नहीं मिली है। दो संदिग्ध आवेदनों की भी जांच कर पुष्टि की गई है। वहीं, ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर 500 से 1000 रुपये तक लेने का आरोप लगाया है। इस पर अंचल अधिकारी ने कहा कि लिखित शिकायत मिलने पर जांच टीम भेजकर मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।



