रिम्स से इलाज के दौरान फरार हुआ पाकुड़ जेल का बंदी परिसर में ही पकड़ा गया। पुलिस सुरक्षा में लापरवाही की जांच कर रही है, जिसमें जवानों की भूमिका पर सवाल हैं।
रांची। रांची के रिम्स से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बंदी के फरार होने के कुछ समय में ही उसे पकड़ लिया गया। रिम्स में इलाज के लिए भर्ती पाकुड़ मंडल कारा के विचाराधीन बंदी हथिया हेम्ब्रम के फरार होने के मामले में बरियातू थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि पुलिस ने फरार होने के कुछ समय बाद ही उसे रिम्स परिसर से पकड़ लिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि वह सुरक्षा में तैनात जवानों को चकमा देकर वार्ड से बाहर कैसे निकला।
बंदी के फरार होने को लेकर पाकुड़ जेल के गार्ड समीर बास्की के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके बाद पुलिस ने रिम्स और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया। जांच के दौरान पता चला कि बंदी रिम्स परिसर में ही मौजूद है। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। हथिया हेम्ब्रम को 19 सितंबर को जांच और इलाज के लिए रांची लाया गया था। 20 सितंबर को उसे रिम्स के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। बाद में उसे एमआईसीयूडब्ल्यू-5 में शिफ्ट किया गया। बुधवार की अहले सुबह करीब चार बजे ड्यूटी पर तैनात जवानों को बंदी गायब मिला। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।



