साहेबगंज पुलिस ने ‘खोजे मोबाइल’ कार्यक्रम के तहत 11 खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाए. जानिए कैसे पुलिस ने ये मोबाइल बरामद किए.
साहिबगंज. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाये जा रहे खोजे मोबाइल कार्यक्रम के तहत बुधवार को जिरवाबाड़ी थाना परिसर में 11 लोगों को उनके चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन वापस किये गये. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार के नेतृत्व में शाम चार बजे मोबाइल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. पुलिस ने तकनीकी सहायता और अपने प्रयासों से बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे. मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस के प्रति आभार जताया.
चार थाना क्षेत्रों से बरामद हुए 11 मोबाइल
थानावार बरामद मोबाइल में नगर थाना क्षेत्र के दो, जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के छह, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक और बोरियो थाना क्षेत्र के दो मोबाइल शामिल हैं. इस प्रकार कुल 11 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किये गये.
कई थानों के पुलिस पदाधिकारी रहे मौजूद
मोबाइल वितरण कार्यक्रम में नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, बोरियो थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान सहित राजमहल और तालझारी थाना के पदाधिकारी उपस्थित थे.



