साहिबगंज: सर्वजन पेंशन भुगतान में देरी पर बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार को घेरा
बरहड़वा (साहिबगंज)। झारखंड में मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना का भुगतान तो समय पर हो रहा है, लेकिन सर्वजन पेंशन योजना के लाभुकों की परेशानी कम नहीं हो रही है।
विधवा, वृद्ध और दिव्यांग पेंशन के भुगतान में कई जिलों में छह महीने तक की देरी हो रही है। इसे लेकर झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधानसभा क्षेत्र बरहेट में पिछले सात माह से विधवा, वृद्ध और दिव्यांग पेंशन के लाभुकों को पेंशन नहीं मिली है। इसे लेकर राज्य विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर निशाना साधा है।
उन्होंने पेंशन से वंचित लाभुकों से कहा है कि यदि नवंबर महीने के अंत तक उन्हें पेंशन का भुगतान नहीं किया जाता है तो वे साहिबगंज उपायुक्त कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरने पर बैठें।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पेंशन लाभुकों को सात माह से राशि नहीं मिली है। नवंबर के अंत तक पेंशन का भुगतान नहीं हुआ तो वह खुद भी उनके साथ धरने पर बैठेंगे। जब तक पेंशन नहीं मिलती, तब तक धरना समाप्त नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि धरने पर बैठने वाले लोगों के भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके लिए वह खुद लोगों से भीख मांगकर पैसे जुटाएंगे और बनिया वर्ग से चावल लेकर लाभुकों के भोजन का इंतजाम करेंगे। मरांडी ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए पेंशन भुगतान में हो रही देरी पर सवाल उठाया।
बाबूलाल मरांडी बुधवार को वनांचल एक्सप्रेस ट्रेन से बरहड़वा स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुके देकर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम यादव, जिला मंत्री उषा भारती, मंडल मुर्मू, पूर्व जिला उपाध्यक्ष ललिता पासवान, निर्मल कुमार बापी, संजीव कुमार गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्टेशन से बाबूलाल मरांडी बरहड़वा नगर पंचायत क्षेत्र के नया टोला स्थित होटल कृष्णा पहुंचे, जहां उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद वे बरहेट में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर झामुमो के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष राजाराम मरांडी भाजपा में शामिल हुए। बाबूलाल मरांडी ने सदस्यता सदस्यता दिलाई। मरांडी ने कहा कि बरहेट में कमल खिलाएंगे।



