बरहेट में जनसभा में बाबूलाल मरांडी ने झामुमो के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष आरआर मरांडी को भाजपा में शामिल कराया. हेमंत सरकार पर कड़े प्रहार किए.
बरहेट: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी बुधवार को बरहेट प्रखंड के झबरी मोड़ में आयोजित जनसभा में शामिल हुए. इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के निष्कासित पूर्व प्रखंड अध्यक्ष आरआर मरांडी ने अपने समर्थकों के साथ विधिवत भाजपा की सदस्यता ग्रहण की.
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने उन्हें फूल-माला पहनाकर तथा पार्टी का पट्टा देकर भाजपा में स्वागत किया. बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच आयोजित इस सभा में आरआर मरांडी का भाजपा में शामिल होना कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा. मंच का संचालन जिला अध्यक्ष गौतम यादव और रामानंद साह ने किया, जबकि कार्यकर्ताओं ने भाजपा और बाबूलाल मरांडी जिंदाबाद के नारे लगाए.
हेमंत सरकार पर बोला हमला, मंडल मुर्मू को रोकने की निंदा
सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
उन्होंने बीते दिनों भाजपा की ओर से आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा भाजपा नेता मंडल मुर्मू को रोके जाने की घटना की कड़ी निंदा की. मरांडी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक राजनीतिक दल को अपनी बात रखने और विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है. शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम को रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है.
विपक्ष की आवाज दबाई गई तो होगा थाने का घेराव: बाबूलाल मरांडी
बाबूलाल मरांडी ने इस घटना को लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भविष्य में यदि विपक्ष के लोकतांत्रिक कार्यक्रमों को रोकने या कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने का प्रयास किया गया, तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी. जरूरत पड़ने पर पार्टी कार्यकर्ता संबंधित थाने का घेराव करने को बाध्य होंगे.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया. साथ ही कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी.
जनसभा में ये वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में सिदो-कान्हू के वंशज सह भाजपा नेता मंडल मुर्मू, पूर्व मंत्री सह वरिष्ठ नेता लोबिन हेंब्रम, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दिनेश विलियम मरांडी, अनंत ओझा, धर्मेंद्र सिंह, होपना मरांडी, माइकल मरांडी, बर्णवाश टुडू, सन्नी मरांडी, खगेन्द्र साह, रमिता तिवारी, विभीषण ठाकुर समेत कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे.



