छठ महापर्व की तैयारियां मिर्जाचौकी में ज़ोरों पर हैं. सूप, डाला और पूजन सामग्रियों की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है. छठ गीतों की गूंज से भक्तिमय हुआ माहौल.
मंडरो: लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ को लेकर मिर्जाचौकी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं. पर्व नजदीक आते ही छठ व्रती पूजा में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्रियों की खरीदारी में जुट गए हैं.
सूप, डाला और पूजन सामग्रियों की दुकानों पर बढ़ी भीड़
मिर्जाचौकी बाजार में सूप, डाला, नारियल सहित अन्य पूजन सामग्रियों की दुकानों पर लोगों की आवाजाही तेजी से बढ़ने लगी है. एक ओर जहां छठ व्रती अपने-अपने घरों में पर्व की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर बाजारों में भी अब धीरे-धीरे खरीदारी की रौनक दिखने लगी है.
छठ गीतों की गूंज से भक्तिमय हुआ पूरा क्षेत्र
चार दिवसीय इस महापर्व को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी जबरदस्त खुशी का माहौल है. घरों से लेकर बाजारों तक पारंपरिक छठ गीतों की गूंज सुनाई देने लगी है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बनने लगा है.



