बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के कारण झारखंड में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिसके 30 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है।
धनबाद। धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा समेत झारखंड के सभी हिस्सों में पिछले चार दिनों से बारिश हो रही है। शुक्रवार सुबह से बारिश लगी है।
धनबाद में बारिश कभी तेज तो कभी हल्की हो रही है। खराब मौसम के कारण रोशनी कम है। इससे जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से लगातार वर्षा हो रही है।
अगले 24 घंटे के दौरान डीप डिप्रेशन के कमजोर होकर डिप्रेशन में बदलने और इसके बाद धीरे-धीरे और कमजोर होने की संभावना है।
हालांकि, इसका असर 30 सितंबर तक देखने को मिल सकता है। इस दौरान अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी वर्षा होने का अनुमान है।
इसके बाद 27 से 30 सितंबर के बीच राज्य में कहीं-कहीं गर्जन के साथ छिटपुट वर्षा होती रहेगी। इसके बाद बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।
धनबाद में रिकॉर्ड तोड़ मानसूनी बारिश
जुलाई और अगस्त के बाद अब सितंबर में भी मानसूनी बारिश ने रिकार्ड तोड़ दिया है। 24 घंटे के दौरान बाघमारा में 128.6 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड किया गया जो राज्य में सर्वाधिक रहा।
18 से 24 सितंबर के दौरान सात दिनों में सामान्य से 87 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। 56.5 के बदले 105.6 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड किया गया।
मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार को दिनभर जारी रही। शुक्रवार को भी बारिश का अनुमान है। लगातार बारिश से जन जीवन प्रभावित हो गया है।
एक तक सामान्य से अधिक बारिश
मौसम विभाग से जारी अगले पखवाड़े के पूर्वानुमान में एक अक्टूबर तक सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
आंधी व गर्जन-वज्रपात की भी संभावना बनी रहेगी। उसके बाद बारिश की गतिविधि थम सकती है। दो से आठ अक्टूबर के दौरान राज्य के अधिकतर भागों में सामान्य से कम वर्षा होने के आसार हैं।
28 डिग्री पर पहुंचा पार
निरंतर बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 28-29 डिग्री के बीच बना रह सकता है।



