लखीसराय के शांतू शर्मा ने केंद्रीय कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा में पहली कोशिश में सफलता हासिल कर आयकर अधिकारी का पद प्राप्त किया है।
लखीसराय। जिले के पिपरिया प्रखंड अंतर्गत रामचंद्रपुर तीन खूंटी टोला निवासी शांतू शर्मा ने केंद्रीय कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा में सफलता हासिल कर आयकर विभाग में आयकर अधिकारी के पद पर योगदान दिया है।
उन्होंने गुजरात के गांधीनगर (अहमदाबाद) स्थित कार्यालय में सोमवार को योगदान किया। पहली ही कोशिश में परीक्षा में सफलता हासिल कर शांतू ने जिले के साथ दियारा क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
शेखपुरा में हुई प्रारंभिक परीक्षा
शांतू शर्मा की प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय, शेखपुरा से हुई। इसके बाद उन्होंने केएसएस कॉलेज, लखीसराय से स्नातक तथा मुंगेर विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की शिक्षा पूरी की।
इसके बाद नियमित अध्ययन और मेहनत के बल पर केंद्रीय कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा में सफलता हासिल की। इसके बाद उनका चयन आयकर विभाग में आयकर अधिकारी के पद पर हुआ।
किसान के बेटे हैं शांतू
शांतू के पिता सच्चिदानंद शर्मा उर्फ सोशन सिंह साधारण किसान हैं। परिवार के भरण-पोषण में सहयोग के लिए वे लखीसराय के चितरंजन रोड स्थित रेडीमेड कपड़ों की दुकान भी चलाते हैं।
उनकी मां माला देवी गृहिणी हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले शांतू ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है।



