लोहरदगा में भारी बारिश से शहरी जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई, जिससे संजय गांधी पथ तालाब बन गया और नाली का पानी सड़कों पर फैल गया।
लोहरदगा। शहरी क्षेत्र में बुधवार को दूसरे पहर में हुई झमाझम बारिश ने लोहरदगा शहरी क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर के रिहायशी मुहल्ला संजय गांधी पथ की सड़क देखते ही देखते तालाब में तब्दील हो गई। सड़क पर घुटने तक पानी जमा होने और नाली का गंदा पानी बहकर सड़क पर आने से लोगों की परेशानी बढ़ गई।
स्थिति ऐसी रही कि क्षेत्र के लोग घरों से बाहर तक नहीं निकल सके। आवागमन करने वाले राहगीरों को भी सड़क पर गंदे पानी के जमाव के बीच उसी रास्ते मजबूरन गुजरना पड़ा। संजय गांधी पथ कथित रूप से नाली बंद कर देने के कारण यह समस्या लोगों के सामने आई।
नाली का गंदा पानी भी सड़क पर आ गया
बारिश का पानी निकलने की जगह नहीं मिलने से सड़क पर जल जमाव हो गया। इसके साथ ही नाली का गंदा पानी भी सड़क पर आ गया। रिहायशी इलाके में जल जमाव के कारण लोगों को रोजमर्रा के काम के लिए बाहर निकलने में परेशानी हुई।
स्थानीय लोगों ने जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई। जिसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने उपायुक्त संदीप कुमार मीना एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मुक्ति किंडो के पास की। जिसके बाद उपायुक्त के आदेश पर नगर परिषद प्रशासन ने मामले में तुरंत संज्ञान लिया और सड़क से नाली का पानी को वैकल्पिक व्यवस्था कर तत्काल निकालकर लोगों को आवागमन सुचारू कराया।
ईस्ट गोला रोड पर नाली की पानी में डूबी सब्जियां
दूसरी ओर शहरी क्षेत्र के ईस्ट गोला रोड की स्थिति ने सब्जी विक्रेताओं की परेशानी और बढ़ा दी। नाली का पानी सड़क पर फैलने के कारण बिक्री के लिए सड़क किनारे रखी गई सब्जियां गंदे पानी में डूबी रहीं। इससे सब्जियों के खराब होने की आशंका बनी रही और दुकानदारों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। ग्राहकों को भी गंदे पानी के बीच पहुंचकर सब्जी खरीदने में परेशानी हुई।
टैक्स के बदले सुविधाएं देने की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नागरिकों से विभिन्न मदों में नियमित टैक्स लिया जाता है, लेकिन सड़क, नाली और जलनिकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद जलजमाव का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
शहर की व्यवस्था पर जनप्रतिनिधियों से सवाल
शहर वासियों का कहना है कि जिला मुख्यालय में सड़क, नाली, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर परेशानी बनी रहना चिंता का विषय है। बारिश के दौरान शहर की कई सड़कों पर जल जमाव की स्थिति सामने आती है। लोगों ने नगर निकाय से नालियों की नियमित सफाई, जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था और सड़क की स्थिति दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि हर बारिश में लोगों को ऐसी परेशानी से न गुजरना पड़े।



