पतना। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव के नेतृत्व में थाना के मुख्य द्वार के सामने सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने आने-जाने वाले दोपहिया, तीनपहिया एवं चारपहिया वाहनों को रोककर उनके आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।
जांच के दौरान दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस सहित अन्य जरूरी कागजात मांगे गए। जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं थे या जो यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, उनके वाहनों को थाना परिसर में रखा गया। साथ ही नियमानुसार चालान काटने की कार्रवाई की गई।

थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव ने वाहन चालकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और दोपहिया वाहन पर हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद वाहन चालकों में सतर्कता देखी गई।



