रेलवे ने पितृपक्ष मेला के दौरान गया जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक पुनपुन घाट हॉल्ट और अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर कई ट्रेनों को अस्थायी ठहराव दिया है। इस व्यवस्था से कोडरमा व आसपास के क्षेत्रों से गया पहुंचने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।
झुमरीतिलैया (कोडरमा)। पितृपक्ष मेला में गया व आसपास के प्रमुख पिंडदान स्थलों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है।
पूर्व मध्य रेलवे ने 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक पुनपुन घाट हॉल्ट व अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर कई ट्रेनों को दो-दो मिनट का अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। इससे कोडरमा जंक्शन होकर गया, पटना व दक्षिण बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
पितृपक्ष के दौरान कोडरमा व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गया जाते हैं। ऐसे में विशेष ठहराव की व्यवस्था यात्रियों के लिए उपयोगी होगी।
पुनपुन घाट हाल्ट पर पटना-भभुआ रोड-पटना इंटरसिटी, बरकाकाना-पटना-बरकाकाना पलामू एक्सप्रेस, सिंगरौली-पटना-सिंगरौली एक्सप्रेस, इसलामपुर-हटिया-इसलामपुर एक्सप्रेस, पूर्णिया कोर्ट-हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस व राजगीर-बनारस-राजगीर बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का ठहराव होगा।
इसके अलावा पाटलिपुत्र-गया-पाटलिपुत्र मेमू, चर्लपल्ली-पटना स्पेशल, पटना-नवादा-पटना मेमू, इसलामपुर-पटना-इसलामपुर मेमू व पटना-गया मेमू भी यहां दो मिनट रुकेंगी।
वहीं अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर गया-डेहरी ऑन सोन-गया मेमू की तीन सेवाओं के अलावा धनबाद-सासाराम-धनबाद इंटरसिटी तथा आसनसोल-वाराणसी-आसनसोल मेमू पैसेंजर को भी दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है। रेलवे की इस पहल से पितृपक्ष में पिंडदान के लिए जाने वाले यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिलेगी।



