राजा दिग्घी से दुधी तक पहुंचे पूर्व मंत्री, विकास से जुड़ी मांगों के समाधान का दिया भरोसा
बरहरवा/साहिबगंज। बरहरवा प्रखंड की प्लासबोना पंचायत में शुक्रवार को पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने क्षेत्र भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पंचायत के विभिन्न टोले-मोहल्लों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से सीधे संवाद किया और क्षेत्र की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान पूर्व मंत्री राजा दिग्घी, पुराब टोला, बड़तल्ला और दुधी पहुंचे। विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और स्थानीय समस्याओं तथा विकास से जुड़ी आवश्यकताओं को उनके समक्ष रखा। ग्रामीणों ने सड़क, बुनियादी सुविधाओं और क्षेत्र के विकास से संबंधित अपनी मांगें भी रखीं।
ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का आश्वासन:
आलमगीर आलम ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की जरूरतों और समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया।
पूर्व मंत्री के क्षेत्र भ्रमण को लेकर ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं।
मौके पर जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, मुरसलीन खान, दिलदार, फिरोज अहमद, जमीरुल, हेदातुल्लाह, नेहाल अख्तर, रमजान अली, सारिक रब्बानी, सफीकुल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।



