बरहेट/साहिबगंज। प्रखंड कार्यालय सभागार में आंगनबाड़ी सेविकाओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ सह प्रभारी सीडीपीओ अंशु कुमार पांडेय ने की। मौके पर महिला पर्यवेक्षिका फुलमुनी टुडू सहित आंगनबाड़ी सेविकाएं मौजूद रहीं।
बैठक में बाल विकास परियोजना के तहत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बीडीओ ने सेविकाओं को अपने-अपने पोषक क्षेत्र में योजनाओं का पारदर्शी तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पोषण ट्रैकर ऐप पर लाभार्थियों का डेटा, बच्चों के वजन, लंबाई और उपस्थिति की जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने को कहा।
वहीं महिला पर्यवेक्षिका फुलमुनी टुडू ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र महिलाओं का समय पर पंजीकरण कराने और लाभुकों को पूरक पोषाहार नियमित रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने सेविकाओं से योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाने और कार्यों में लापरवाही नहीं बरतने की अपील की।



