साहिबगंज। साहिबगंज प्रखंड में संचालित विभिन्न आवास योजनाओं की प्रगति को लेकर शुक्रवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा ने की। बैठक में बीडीओ बासुकीनाथ टुडू, प्रखंड समन्वयक एवं सभी आवास प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में संचालित आवास योजनाओं की पंचायतवार समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने लाभुकों के आवास निर्माण से जुड़े विभिन्न इंडिकेटर, लंबित कार्यों और योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली।

लंबित आवास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश:
उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी इंडिकेटर्स में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने, पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ देने और आवास निर्माण में अनावश्यक विलंब रोकने को कहा।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को समय पर पक्का एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी आवास प्रभारियों को नियमित अनुश्रवण, क्षेत्र भ्रमण और कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अधिकारियों को जवाबदेही, समयबद्धता और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के साथ निर्धारित लक्ष्य हासिल करने पर विशेष जोर दिया गया।



