कार्यकारिणी के निर्णयों के विरुद्ध गतिविधियों और समानांतर संगठन बनाने का आरोप, तत्काल प्रभाव से कार्रवाई
साहिबगंज। ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज की कार्यकारिणी समिति की बैठक गुरुवार को चैंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन सचिव मोहित बेगराजका ने किया। बैठक में झारखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय शिबू सोरेन की पत्नी एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन पर एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में 11 पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं आमंत्रित सदस्य उपस्थित रहे।
13 सदस्यों पर संगठन विरोधी गतिविधियों का हवाला
बैठक में कार्यकारिणी के निर्णयों के विरुद्ध कार्य करने, समानांतर संगठन बनाने और चैंबर विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने का हवाला देते हुए 13 सदस्यों की प्राथमिक सदस्यता पांच वर्षों के लिए तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का सर्वसम्मत निर्णय लिया गया। निलंबित सदस्यों में नवीन भगत, सुनील भरतिया, सज्जन पोद्दार, अंकित केजरीवाल, अजय डोकानिया, अनूप सिंह, अनिल सिंह, विकास गुप्ता, शुभम पोद्दार, वैभव विनय, पवन कुमार अग्रवाल (प्रतिनिधि गौरव अग्रवाल), रवि आजमानी एवं जाहिद खान शामिल हैं।
संतोषजनक आचरण पर पुनर्विचार का प्रावधान
निलंबन अवधि में संबंधित सदस्य चैंबर की गतिविधियों और आधिकारिक व्हाट्सएप समूह में शामिल नहीं रहेंगे। संतोषजनक आचरण एवं लिखित आश्वासन मिलने पर कार्यकारिणी समिति निलंबन पर पुनर्विचार कर सकती है। निर्णय की सूचना फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, रांची को देने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में 10 नए आवेदनों को सदस्यता देने तथा 9 अक्टूबर को बरहरवा के व्यापारियों के साथ बैठक करने का निर्णय भी लिया गया।



