बरहरवा स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई, बाल मजदूरी के लिए रांची ले जाए जा रहे 4 नाबालिग बच्चों को कराया मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार।
बरहरवा.बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया. वहीं, बच्चों को कथित रूप से मजदूरी कराने के उद्देश्य से रांची ले जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर 20 नवंबर की रात आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में प्लेटफॉर्म संख्या दो पर की गयी. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान शाहिद शेख (36), पिता इस्माइल शेख, निवासी पहाड़ गांव, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है. रेस्क्यू किये गये चारों बच्चों की उम्र 13, 15, 13 एवं 15 वर्ष बतायी गयी है.
वनांचल एक्सप्रेस से रांची ले जाने की थी तैयारी
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में बच्चों ने बताया कि शाहिद शेख उन्हें वनांचल एक्सप्रेस ट्रेन से बरहरवा से रांची ले जा रहा था. वहां एक कबाड़ी दुकान में काम पर लगाने की योजना थी. इसके एवज में प्रत्येक बच्चे को लगभग छह से सात हजार रुपये देने की बात तय हुई थी. पूछताछ के दौरान आरोपी ने भी बच्चों को रांची ले जाकर कबाड़ी दुकान में काम पर लगाने की बात स्वीकार की.
जीआरपी में दर्ज हुआ मामला, संस्था को सौंपे गये बच्चे
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने लिखित प्रतिवेदन जीआरपी बरहरवा को सौंपा. इसके आधार पर जीआरपी बरहरवा कांड संख्या 61/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2)/143(5) तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की धारा 75/81 के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले का अनुसंधान एसआई कृष्ण चंद्र गगराई को सौंपा गया है.
रेस्क्यू किये गये चारों बच्चों को आगे की आवश्यक कार्रवाई एवं देखरेख के लिए मंथन संस्था बरहरवा की प्रतिनिधि आराधना मंडल को सौंप दिया गया है. मौके पर एएसआई सुरेश पासवान, हेड कांस्टेबल नवीन कुमार यादव सहित अन्य मौजूद थे.



