मंगलहाट गोलीकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, 24 घंटे के अंदर तीन आरोपी दबोचे गए, हथियार और जिंदा कारतूस बरामद, मामले की जांच जारी।
राजमहल. थाना क्षेत्र के मंगलहाट स्थित टिक्का टोला में गौरी कुमारी को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलाही टोला, मंगलहाट निवासी किशन मंडल, मनीष मंडल और भोलू प्रमाणिक के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं.

एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष छापेमारी टीम
शनिवार को एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि मंगलहाट के टिक्का टोला में केदार मंडल की पुत्री गौरी कुमारी गोली लगने से घायल हो गयी है. सूचना मिलते ही पुलिस ने वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया. इसके बाद पुलिस अधीक्षक साहिबगंज के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
तीनों आरोपियों को 20 नवंबर को किया गिरफ्तार
एसडीपीओ ने बताया कि घटना को लेकर राजमहल थाना कांड संख्या 422/26, दिनांक 19 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1)/3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया. गठित टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी करते हुए 20 नवंबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपियों की निशानदेही पर हथियार और कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर दो देसी कट्टा एवं तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए. अवैध हथियारों की बरामदगी को लेकर राजमहल थाना में कांड संख्या 424/26, दिनांक 21 नवंबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 के तहत अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी है. गिरफ्तार तीनों आरोपियों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.
छापेमारी दल में ये पुलिस पदाधिकारी थे शामिल
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय, तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत, राजमहल थाना के पुलिस अवर निरीक्षक पवन कुमार एवं अनिल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रवि शंकर झा एवं नंद कुमार यादव सहित राजमहल थाना के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.



