हॉकी झारखंड के चुनाव पर भारत सरकार की रोक के बावजूद चुनाव कराने के खिलाफ पूर्व ओलंपियन ने हाइकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. चुनाव रद्द करने की मांग की गई है.
Hockey Jharkhand Election Cancellation: हॉकी झारखंड के चुनाव को रद्द करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ियों की ओर से झारखंड हाइकोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया है. इस संबंध में पूर्व ओलंपियन मनोहर टोपनो एवं अन्य की ओर से अधिवक्ता सुभाषिष रसिक सोरेन ने झारखंड हाइकोर्ट में याचिका दायर की है.
रोक के बावजूद हुआ हॉकी झारखंड का चुनाव
याचिका में कहा गया है कि भारत सरकार की ओर से खेल संघों के चुनाव पर दिसंबर 2026 तक रोक लगायी गयी है. इसके बावजूद हॉकी झारखंड का चुनाव कराया गया. चुनाव का परिणाम 19 जुलाई 2026 को घोषित किया गया, जिसमें भोलानाथ सिंह को हॉकी झारखंड का अध्यक्ष चुना गया है.
दो पदों पर रहने और चुनाव प्रक्रिया पर उठे सवाल
प्रार्थी की ओर से याचिका में यह भी कहा गया है कि भोलानाथ सिंह वर्तमान में हॉकी इंडिया के सचिव भी हैं. ऐसे में एक व्यक्ति के एक साथ दोनों पदों पर रहने को लेकर भी सवाल उठाया गया है. याचिका में भारत सरकार की रोक के बावजूद कराये गये हॉकी झारखंड के चुनाव को अवैध बताते हुए इसे रद्द करने की मांग की गयी है.



