बरहरवा में कोटालपोखर रेल फाटक से बंगाल सीमा जाने वाली सड़क की पुलिया में बड़ा सिंकहोल बन गया है. पथ निर्माण विभाग ने जल्द मरम्मत का भरोसा दिया.
बरहरवा: साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड में कोटालपोखर रेल फाटक से पश्चिम बंगाल सीमा तक जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क की बदहाली अब हादसे को न्योता दे रही है. पथ निर्माण विभाग की ओर से निर्मित इस सड़क पर कई जगह जर्जर स्थिति बनी हुई है. वहीं स्टेट बैंक से कुछ दूरी पर मदन पांडेय के घर के समीप स्थित पुलिया में अचानक बड़ा गड्ढा यानी सिंकहोल बन गया है.
पुलिया में बनी दरार लगातार बढ़ती जा रही है. इससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है.
पुलिया में बढ़ती दरार, कभी भी हो सकता है हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया में बना गड्ढा काफी बड़ा हो गया है और इसकी दरार लगातार बढ़ रही है. सड़क पर वाहनों की आवाजाही को देखते हुए लोगों को आशंका है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है.
इस मार्ग से प्रतिदिन छोटी-बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं. स्कूल बस, यात्री वाहन और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों की भी आवाजाही होती है.
झारखंड-बंगाल को जोड़ता है महत्वपूर्ण मार्ग
कोटालपोखर रेल फाटक से पश्चिम बंगाल सीमा तक जाने वाली यह सड़क झारखंड और पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है. ऐसे में पुलिया की खराब स्थिति से स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूसरे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बड़े गड्ढे के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है. रात के समय खतरा और बढ़ने की आशंका है.
स्थानीय लोगों ने तत्काल मरम्मत की मांग की
स्थानीय लोगों ने पथ निर्माण विभाग से पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है. साथ ही सड़क की जर्जर स्थिति को भी दुरुस्त कराने का आग्रह किया है.
लोगों का कहना है कि पुलिया की स्थिति को देखते हुए मरम्मत में देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि संभावित दुर्घटना को टाला जा सके.
विभाग ने जल्द कार्रवाई का दिया भरोसा
मामले को लेकर पथ निर्माण विभाग, साहिबगंज के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार ने कहा कि कनीय अभियंता को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि पुलिया को अविलंब ठीक कराया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो.



