बोरियो/साहिबगंज: बोरियो थाना क्षेत्र के बोरियो-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के मुख्य द्वार के समीप बुधवार को तेज रफ्तार बाइक और टोटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 32 वर्षीय तलु मुर्मू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, टोटो सवार तीन महिलाएं घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोटो (जेएच17 एजी 8328) यात्रियों को लेकर बोरियो की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार बाइक (जेएच17 एजी 7241) गलत दिशा में आकर टोटो से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तलु मुर्मू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के बच्चा गांव निवासी तलु मुर्मू के रूप में हुई है। हादसे में टोटो सवार तालामय मरांडी (30), मरांगबीटी मुर्मू (30) और छिता हेम्ब्रम (65) घायल हो गईं।

घटना के बाद घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बोरियो पहुंचाया गया। वहां डॉ. चंदन कुमार ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल मरांगबीटी मुर्मू और तालामय मरांडी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज रेफर कर दिया गया।
इधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही एएसआई नीलम कुमारी और संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज भेज दिया। साथ ही दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



