केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा चालक सिपाही पद की मोटर वाहन चालन दक्षता परीक्षा की तिथि फिर बदल दी गई है। बारिश और जलजमाव के कारण स्थगित हुई यह परीक्षा अब 16 सितंबर को आयोजित की जाएगी, जिसके लिए रोल नंबर के अनुसार समय वेबसाइट पर जारी है।
पटना। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की ओर से चालक सिपाही पद के लिए होने वाली मोटर वाहन चालन दक्षता परीक्षा की तिथि में एक बार फिर बदलाव किया गया है। अब यह परीक्षा 16 सितंबर को आयोजित की जाएगी।
बारिश और जलजमाव के कारण टली थी परीक्षा
पर्षद ने नौ सितंबर को नोटिफिकेशन जारी कर परीक्षा की तिथि 15 सितंबर निर्धारित की थी। हालांकि, शनिवार को इसमें बदलाव करते हुए नई तारीख 16 सितंबर कर दी गई।
पर्षद के अनुसार, 10 से 12 सितंबर के बीच होने वाली परीक्षा बारिश और जलजमाव के कारण आयोजित नहीं हो सकी थी।
रोल नंबर के अनुसार जारी हुआ परीक्षा समय
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए रोल नंबर के अनुसार परीक्षा का समय आधिकारिक वेबसाइट csbc.bihar.gov.in पर जारी किया गया है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपना निर्धारित समय जरूर देख लें।
पहचान पत्र और गेट पास लाना अनिवार्य
परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर पहचान पत्र, प्रवेश पत्र और जारी किया गया गेट पास की मूल प्रति साथ लानी होगी। दस्तावेजों के बिना परीक्षा केंद्र पर परेशानी हो सकती है। अभ्यर्थियों को तय समय पर पहुंचने की सलाह दी गई है।



