एसडीओ के नेतृत्व में गोपालपुर समेत कई क्षेत्रों का निरीक्षण, प्रभावित परिवारों के बीच बांटी गई खाद्य सामग्री
साहिबगंज। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और जिले में उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मियों की टीम लगातार प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रही है। प्रभावित परिवारों तक आवश्यक खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सुविधाएं समय पर पहुंचाने के लिए राहत कार्यों को और तेज किया गया है।
एनडीआरएफ टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंची प्रशासनिक टीम :
इसी क्रम में शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी, साहिबगंज अमर जॉन आईन्द एवं अंचलाधिकारी, साहिबगंज बासुकीनाथ टुडू के नेतृत्व में एनडीआरएफ की टीम के साथ गोपालपुर, घीसू टोला, मकईया टोला, बंसकोला सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर बाढ़ की स्थिति, लोगों की परेशानी और राहत व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान प्रभावित परिवारों के बीच खाद्य सामग्री का भी वितरण किया गया।
राहत सामग्री पहुंचाने के साथ लगातार निगरानी :
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए राहत एवं खाद्य आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाने तथा बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री की उपलब्धता, लोगों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। गंगा के जलस्तर में हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर निगरानी और क्षेत्रीय निरीक्षण लगातार जारी रखने की बात कही गई है।
सुरक्षा और राहत व्यवस्था पर प्रशासन की पैनी नजर :
जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों और राहत दलों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया है। एनडीआरएफ की टीम की मौजूदगी में प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सक ।




