कार्तिक पूर्णिमा पर शिवगादी धाम में आस्था का सैलाब उमड़ा.सफाहोड़ समाज ने नवान्न पर्व मनाकर प्रकृति और महादेव के प्रति आभार व्यक्त किया.
साहिबगंज: साहिबगंज जिले के बरहेट प्रखंड के प्रसिद्ध बाबा गाजेश्वरनाथ धाम (शिवगादी) मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. यहां श्रद्धा और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला. अहले सुबह से ही शिवगादी पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी और पूरा धाम हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा. झारखंड के अलावा पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में आदिवासी सफाहोड़ समाज के श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे.
प्राकृतिक गुफा में विराजमान पीतांबरी शिवलिंग पर जलाभिषेक
श्रद्धालुओं ने प्राकृतिक गुफा मंदिर में विराजमान पीतांबरी शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और विधिवत पूजा-अर्चना की. भक्तों ने अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की. सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा. दूर-दराज से पहुंचे लोगों में बाबा के दर्शन को लेकर खास उत्साह देखा गया.
सफाहोड़ समाज ने निभाई नवान्न पर्व की अनूठी परंपरा
कार्तिक पूर्णिमा पर शिवगादी धाम में आदिवासी सफाहोड़ समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा भी आकर्षण का केंद्र रही. समाज के लोगों ने नई फसल के आगमन पर नवान्न पर्व पारंपरिक तरीके से मनाया. इस अवसर पर महिला और पुरुष श्रद्धालु अपने धर्मगुरुओं के सानिध्य में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे. पूजा में नई फसल के धान की बालियां, बांस से निर्मित नए सूप और प्राकृतिक घास से तैयार नए झाड़ू को विशेष रूप से शामिल कर भगवान को अर्पित किया गया.
प्रकृति, धरती और महादेव के प्रति जताया आभार
नवान्न पर्व की इस परंपरा के माध्यम से समाज के लोगों ने प्रकृति, धरती और महादेव के प्रति अपनी श्रद्धा एवं कृतज्ञता प्रकट की. नई फसल के आगमन पर पूजा-अर्चना कर अन्न का सम्मान करने और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने की यह परंपरा समाज की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान से जुड़ी हुई है. धर्मगुरुओं के मार्गदर्शन में पारंपरिक अनुष्ठान संपन्न किए गए और श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से अच्छी फसल, किसानों की खुशहाली तथा क्षेत्र की समृद्धि की कामना की.



