राजमहल में गंगा स्नान के लिए आ रहे श्रद्धालुओं का टोटो कुत्ते को बचाने के प्रयास में पलट गया. तीन घायल, एक को रेफर किया गया. घटना के कारणों का खुलासा.
राजमहल : राजमहल-तीनपहाड़ मुख्य सड़क पर मंडई स्थित पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार को कुत्ते को बचाने के प्रयास में एक टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया. इस हादसे में टोटो पर सवार तीन लोग घायल हो गए. घायलों में एक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है.
गंगा स्नान करने राजमहल आ रहे थे तीनों श्रद्धालु
मिली जानकारी के अनुसार, कार्तिक पूजा के अवसर पर गंगा स्नान करने के लिए हिरणपुर के तरजोल निवासी पगन मरांडी (42), धमधमिया निवासी सोना बास्की (40) और उनके पति मंडल सोरेन (45) टोटो से राजमहल आ रहे थे. इसी दौरान मंडई पेट्रोल पंप के समीप अचानक एक कुत्ता टोटो के सामने आ गया. कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक ने टोटो से संतुलन खो दिया, जिससे टोटो बीच सड़क पर पलट गया और तीनों लोग घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, एक की हालत गंभीर
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ सादिक अंसारी ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. वहीं, पगन मरांडी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है.



