Dhanbad Mayor Sanjiv Singh, झरिया विधायक रागिनी सिंह और पूर्व विधायक कुंती देवी को एसआईआर संबंधी दस्तावेजों में विसंगतियों को लेकर झरिया अंचल कार्यालय ने नोटिस जारी किया है।
धनबाद। SIR In Singh Mansion: झारखंड में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण (SIR) चल रहा है। इस दाैरान धनबाद जिले के झरिया अंचल कार्यालय की ओर से धनबाद के मेयर संजीव सिंह, झरिया विधायक रागिनी सिंह और पूर्व विधायक कुंती देवी को एसआईआर से संबंधित विसंगति को लेकर सुनवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची और संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान तीनों से जुड़े पारिवारिक विवरण में कुछ बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। नोटिस में धनबाद के मेयर संजीव सिंह के माता-पिता की उम्र से संबंधित विवरण में अंतर का उल्लेख किया गया है।
दस्तावेजों में दर्ज उम्र के आधार पर अधिकारियों ने इस संबंध में जानकारी और स्पष्टता मांगी है। वहीं, झरिया विधायक रागिनी सिंह से संबंधित नोटिस में उनके माता-पिता की मैपिंग बिहार से किए जाने का उल्लेख है।
एसआईआर प्रक्रिया के दौरान दूसरे राज्य से जुड़े पारिवारिक अथवा मतदाता रिकॉर्ड के सत्यापन को लेकर यह बिंदु सामने आया है। पूर्व विधायक कुंती देवी के मामले में भी उनके माता-पिता की उम्र से संबंधित विवरण को नोटिस में शामिल किया गया है।
अंचल कार्यालय की ओर से संबंधित रिकार्ड के आधार पर इन बिंदुओं पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। एसआईआर के तहत मतदाता सूची में दर्ज विवरणों के सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है।
ऐसे में नोटिस में उल्लेखित बिंदुओं को लेकर संबंधित व्यक्तियों की ओर से क्या जवाब दिया जाता है, इस पर अब सभी की नजर है।
हालांकि, केवल नोटिस जारी होने से किसी प्रकार की अनियमितता साबित नहीं होती है। अंतिम स्थिति संबंधित दस्तावेजों और अधिकारियों के सत्यापन के बाद ही स्पष्ट होगी।



