पलामू के मेदिनीनगर से 21 सितंबर को लापता हुई तीन नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने बिहार के गोपालगंज से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने त्वरित अनुसंधान कर 27 सितंबर को उन्हें ढूंढ निकाला, प्रारंभिक पूछताछ में वे घूमने के उद्देश्य से घर से निकली थीं।
मेदिनीनगर (पलामू)। शहर थाना क्षेत्र से लापता हुई तीन नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने रविवार को गोपालगंज (बिहार-उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र) से सकुशल बरामद कर लिया। तीनों बालिकाएं 21 सितंबर को बिना बताए घर से चली गई थीं। इनमें दो चचेरी बहनें और एक उनकी सहपाठी है।
इस संबंध में 24 सितंबर को शहर थाना कांड संख्या 368/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2)/96 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देशन में पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित अनुसंधान शुरू किया और लगातार छापेमारी की।
शहर थाना पुलिस के प्रयास से 27 सितंबर को तीनों बालिकाओं को गोपालगंज से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने घूमने के उद्देश्य से बिना बताए घर से जाने की बात कही है। तीनों से पूछताछ के साथ अग्रेतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। मामले के अन्य बिंदुओं पर जांच जारी है।



