लोहरदगा के कुडू थाना क्षेत्र में फोरलेन सड़क निर्माण स्थल पर अपराधियों ने रोड रोलर में आग लगाने का प्रयास किया। पुलिस की सक्रियता से अपराधी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके और पुलिस से मुठभेड़ के बाद फरार हो गए।
लोहरदगा। लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र में फोरलेन सड़क निर्माण स्थल पर शनिवार की आधी रात अपराधियों ने निर्माण कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। अपराधियों ने निर्माण स्थल पर खड़े रोड रोलर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की।
इसी दौरान मौके पर मौजूद कुडू थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और सैट की टीम की सक्रियता से अपराधी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई। जिसके बाद अपराधी भाग खड़े हुए।
कुडू थाना क्षेत्र के ढुलूवा खूंटा से लातेहार जिले के उदयपुरा तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। एनएच-39 पर टीको पुल के समीप इन दिनों लेवलिंग का काम किया जा रहा है। पुल पर गाइडर लगाने का कार्य भी चल रहा है। इसी निर्माण स्थल पर शनिवार की आधी रात मोटरसाइकिल से दो अपराधी पहुंचे। दोनों अपराधियों के पास प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल था।
अपराधियों ने रोड रोलर पर पेट्रोल छिड़ककर उसमें आग लगाने का प्रयास किया। निर्माण स्थल पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और एसएटी की टीम की मौजूदगी के कारण अपराधियों को अपने मंसूबे में सफलता नहीं मिली। पुलिस टीम को सक्रिय होते देख दोनों अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन राउंड फायरिंग की।
पुलिस की कार्रवाई के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में जांच और छापेमारी शुरू कर दी। निर्माण स्थल की भी जांच की गई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं और उनका उद्देश्य क्या था।
लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी का कहना है कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की है। अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।



