28-30 सितंबर की बैंक हड़ताल के मद्देनजर, 25 सितंबर को ही केंद्रीय कर्मचारियों का वेतन जारी होगा. ग्राहकों को राहत के लिए रविवार को भी खुलेंगे बैंक.
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए सरकार ने ग्राहकों और केंद्रीय कर्मचारियों को राहत देने के लिए कई अहम फैसले लिये हैं. सितंबर महीने का वेतन, मजदूरी और पेंशन केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को 25 सितंबर को ही जारी करने की व्यवस्था की गयी है. इसका मकसद हड़ताल के दौरान भुगतान में किसी तरह की परेशानी को रोकना है. 25 सितंबर को क्यों जारी होगा वेतन
वित्त मंत्रालय के विभागीय आदेश के मुताबिक सितंबर 2026 का वेतन, मजदूरी और पेंशन सामान्य भुगतान तिथि का इंतजार किये बिना 25 सितंबर, शुक्रवार को जारी की जा सकती है. सरकार ने यह कदम इसलिए उठाया है क्योंकि 28 से 30 सितंबर तक बैंक यूनियनों की हड़ताल प्रस्तावित है. हड़ताल की वजह से बैंकिंग लेनदेन और शाखा आधारित सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है.
हालांकि यह व्यवस्था सभी कर्मचारियों के लिए नहीं है. निजी कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों की सैलरी 25 सितंबर को ही आयेगी, ऐसा कोई सामान्य सरकारी आदेश नहीं है. उनकी सैलरी कंपनी के अपने भुगतान शेड्यूल पर निर्भर करेगी.
27 सितंबर रविवार को भी खुलेंगे बैंक
हड़ताल से पहले ग्राहकों को बैंकिंग काम निपटाने का मौका देने के लिए 27 सितंबर, रविवार को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे. भारतीय रिजर्व बैंक ने इस दिन बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को चालू रखने की मंजूरी दी है. दरअसल, 26 सितंबर को चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे और 27 सितंबर रविवार है. इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल प्रस्तावित है. ऐसे में बैंकिंग सेवाओं पर लगातार पांच दिनों तक असर पड़ सकता था. रविवार को बैंक खोलने का फैसला इसी परेशानी को कम करने के लिए लिया गया है.
क्यों हो रही है बैंक हड़ताल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने मुख्य रूप से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का आह्वान किया है. सरकार के मुताबिक परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) से जुड़ी एक प्रमुख मांग को पहले ही रोक दिया गया है, लेकिन पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग पर विवाद बना हुआ है.
हड़ताल के दौरान शाखा आधारित सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. वहीं, UPI, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है, हालांकि कुछ लेनदेन में देरी हो सकती है.



