केंद्रीय समिति ने जारी किया कार्यालय आदेश, 10 दिनों के भीतर पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश
साहिबगंज। संवाददाता। झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय समिति ने साहिबगंज जिला अंतर्गत साहिबगंज नगर समिति तथा झारखंड महिला मोर्चा की साहिबगंज जिला समिति को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय की ओर से 23 सितंबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश में यह निर्देश दिया गया है। कहा गया है कि साहिबगंज जिला समिति की ओर से भेजी गई अनुशंसा के आलोक में दोनों समितियों को भंग किया गया है। साथ ही साहिबगंज जिला समिति को निर्देश दिया गया है कि अगले 10 दिनों के भीतर जिला समिति की बैठक कर दोनों संगठनों के पुनर्गठन से संबंधित नामों की अनुसूचित सूची केंद्रीय कार्यालय को भेजी जाए।
केंद्रीय स्तर से होगी नियुक्ति की प्रक्रिया:
केंद्रीय समिति के आदेश के अनुसार जिला समिति की बैठक में प्रस्तावित नामों की सूची तैयार कर कार्यवाही पुस्तिका की छायाप्रति के साथ केंद्रीय कार्यालय को भेजना होगा। इसके बाद केंद्रीय स्तर से साहिबगंज नगर समिति एवं झारखंड महिला मोर्चा की जिला समिति के पुनर्गठन और नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पार्टी के इस आदेश के बाद अब दोनों संगठनों में नई जिम्मेदारियों को लेकर प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। आदेश की प्रतिलिपि साहिबगंज जिला समिति के अध्यक्ष/सचिव को भेजी गई है।



